राजौरी के पहाड़ों में ‘हर घर जल’ की दस्तक, हजारों परिवारों को मिल रहा शुद्ध पानी, सरकार का जताया आभार

राजौरी के पहाड़ों में ‘हर घर जल’ की दस्तक, हजारों परिवारों को मिल रहा शुद्ध पानी, जताया सरकार का आभार


राजौरी, 23 फरवरी। जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले के दूर-दराज पहाड़ी इलाकों में बुनियादी सुविधाओं को लेकर एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। कोटरंका सब-डिवीजन में 14,000 से अधिक लोगों को केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन के तहत आजादी के बाद पहली बार अपने घरों में नल का शुद्ध पानी मिल रहा है। स्‍थानीय महिलाओं और सरपंचों ने सरकार के इस कदम की सराहना की और धन्‍यवाद व्‍यक्‍त किया।

मौरा, जगलानो, खद्यून, अपर कंडी, लोअर कंडी, हुब्बी, मौरा-बी और फलनी जैसे गांव अब इस महत्वाकांक्षी योजना से जुड़ चुके हैं, जिससे स्थानीय लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में बड़ा बदलाव आया है।

जगलानो पंचायत के स्थानीय निवासियों ने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि पहले उन्हें नदियों, झरनों और प्राकृतिक स्रोतों से पानी लाने के लिए कई किलोमीटर पैदल चलना पड़ता था। पहाड़ी और दुर्गम रास्तों के कारण यह काम बेहद कठिन होता था, खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि अब पानी सीधे घर तक पहुंच रहा है।

राजौरी के जल शक्ति विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर सुदेश भगत ने बताया कि इस योजना के तहत करोड़ों रुपए की लागत से परियोजनाएं सफलतापूर्वक पूरी की गई हैं, जिससे 14,000 से ज्यादा लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो रहा है।

उन्होंने कहा कि सात गांव ‘हर घर जल’ योजना से जुड़ चुके हैं और शेष घरों को भी जल्द कवर करने के लिए काम जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विभाग दूरस्थ क्षेत्रों तक भी पाइपलाइन नेटवर्क पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

स्थानीय महिला रेखा बाली ने बताया कि पहले पानी लाने के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। छोटे बच्चों को साथ लेकर जाना मुश्किल होता था और घंटों की मेहनत के बाद ही पानी मिल पाता था। अब घर में दो से तीन घंटे तक नियमित पानी की सप्लाई होती है। उन्होंने सरकार का आभार जताते हुए कहा कि इस योजना से उनकी बड़ी समस्या दूर हो गई है।

एक अन्य महिला ऊषा देवी ने कहा कि पहले पानी के डिब्बे लेकर दूर-दूर तक जाना पड़ता था और कपड़े धोने या पशुओं के लिए पानी जुटाना भी बड़ी चुनौती थी। अब यह योजना लोगों के हित में साबित हो रही है और जीवन पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है।

सरपंच मोहम्मद जमील ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण यहां पानी की हमेशा से समस्या रही है। पहले पीएचई विभाग द्वारा छोटी-छोटी टंकियां बनाई गई थीं, लेकिन वे पर्याप्त नहीं थीं। जल जीवन मिशन के तहत अब हर घर में शुद्ध पानी पहुंच रहा है, जिससे पीने और पशुओं के उपयोग के लिए पानी की दिक्कत काफी हद तक खत्म हो गई है।

उन्होंने कहा कि यह योजना क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और जीवन की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top