अजिंक्य रहाणे बोले: अक्षर पटेल को बाहर कर सुंदर को मौका देना समझ से परे, टीम मैनेजमेंट की 'स्मार्टनेस' पर सवाल

अक्षर पटेल की जगह सुंदर को मौका देना समझ से परे: अजिंक्य रहाणे


अहमदाबाद, 23 फरवरी। भारतीय क्रिकेट टीम को रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में 76 रनों से हार का सामना करना पड़ा। हार के बाद सबसे ज्यादा चर्चा ऑलराउंडर अक्षर पटेल को लेकर है। उन्हें प्लेइंग इलेवन से बाहर कर दिया गया था। दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने भारतीय टीम मैनेजमेंट के इस निर्णय पर हैरानी जताई है।

रहाणे ने कहा, "मैं सच में हैरान हूं कि अक्षर पटेल नहीं खेले। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है। सुंदर एक अच्छा खिलाड़ी है। कोई उनके खिलाफ नहीं है, लेकिन अक्षर अलग-अलग स्थिति में अच्छा कर रहे हैं। कभी-कभी मुझे लगता है कि जब आप चयन के मामले में बहुत स्मार्ट हो जाते हैं, तो यह आपको नुकसान पहुंचा सकता है। आप सुंदर को इसलिए लाए क्योंकि दक्षिण अफ्रीका की बल्लेबाजी क्रम में कई बाएं हाथ के खिलाड़ी हैं।"

उन्होंने कहा, "इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि ऑफ-स्पिनर बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अच्छी ही गेंदबाजी करेंगे। बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अक्षर का रिकॉर्ड अच्छा है। केशव महाराज को हम सबने देखा। आपको अपनी टीम में उस शानदार खिलाड़ी को खिलाना होगा जिसने पहले आपके लिए बहुत अच्छा किया हो। उपकप्तान होने के बावजूद अक्षर को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखना उचित नहीं है।"

सहायक कोच रायन टेन डेशकाटे ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में अक्षर पटेल को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के पीछे टीम इंडिया की रणनीति का खुलासा किया था।

डेशकाटे ने कहा, "टीम कॉम्बिनेशन और साउथ अफ्रीका के टॉप ऑर्डर में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज होने की वजह से यह फैसला काफी सोच-विचार के बाद लिया गया। बाएं हाथ के बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक, रयान रिकल्टन और डेविड मिलर टीम इंडिया के लिए बड़े खतरे थे। ऐसे में टीम ने ऑफ स्पिन विकल्प को प्राथमिकता दी, जो पावरप्ले में उपयोगी साबित हो सके। हमें लगा कि पावरप्ले में वॉशिंगटन अक्षर की तुलना में ज्यादा प्रभावी गेंदबाज हो सकते हैं। इस वजह से उन्हें मौका दिया गया।"

सुंदर को खिलाने का टीम इंडिया मैनेजमेंट का फैसला असफल साबित हुआ। सुंदर ने 2 ओवर की गेंदबाजी में बिना कोई विकेट लिए 17 रन दिए। वहीं बल्लेबाजी में 11 रन बना पाए।

दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 187 रन बनाए थे। भारतीय टीम 111 रन पर सिमट गई और 76 रन से मैच हार गई। इस हार के बाद भारतीय टीम के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top