गुजरात की शान ऊपरकोट किला: 2300 साल बाद भव्य कायाकल्प से फिर जीवंत, जूनागढ़ बना नया पर्यटन हब

गुजरात: ऊपरकोट किले के कायाकल्प से जूनागढ़ बना नया टूरिस्ट हब


जूनागढ़, 22 फरवरी। गुजरात में गिरनार पहाड़ियों की तलहटी में स्थित ऐतिहासिक ऊपरकोट किला पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बन रहा है। ‘विरासत भी, विकास भी’ के तहत प्रदेश सरकार इसका संरक्षण और कायाकल्‍प कर रही है।

माना जाता है कि इस प्राचीन किले का निर्माण लगभग 2300 वर्ष पहले 319 ईसा पूर्व में सम्राट चंद्रगुप्त मौर्य ने करवाया था। सदियों पुराने इतिहास और गौरवशाली विरासत को समेटे यह किला समय के साथ जर्जर हो चला था, लेकिन ‘विरासत भी, विकास भी’ के मंत्र के तहत गुजरात सरकार ने इसके संरक्षण और पर्यटन विकास के लिए करोड़ों रुपए खर्च कर इसका व्यापक कायाकल्प किया है। करीब तीन वर्षों तक चले रेस्टोरेशन कार्य के बाद किला अब पर्यटकों के लिए पुनः खोल दिया गया है।

पुनर्विकास के बाद पर्यटक यहां न केवल जूनागढ़ के समृद्ध इतिहास से रूबरू हो रहे हैं, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद भी ले रहे हैं।

पर्यटक मोनिल जिंजुवाडिया ने कहा कि ऊपरकोट का “100 प्रतिशत विकास” हुआ है। पहले यहां सुविधाओं का अभाव था, लेकिन अब व्यापक बदलाव साफ दिखाई देता है। वहीं, पर्यटक हिना ने भी कहा कि किले का लुक पूरी तरह बदल गया है और अब पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि अब रोप-वे की सुविधा और आवागमन की बेहतर व्यवस्था से यहां पहुंचना आसान हो गया है।

राज्य सरकार ने किले परिसर में स्थित ऐतिहासिक धरोहरों अदि कड़ी वाव, नवघन कुवो और रणकदेवी महल का भी जीर्णोद्धार कराया है। साथ ही पर्यटकों को यादगार अनुभव देने के लिए यहां लाइट एंड साउंड शो शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

जूनागढ़ के एसडीएम चरण सिंह गोहिल ने बताया कि ऊपरकोट में स्थित तालाब, महल, तोप और रानी का महल प्रमुख आकर्षण के केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों से यहां निरंतर विकास हो रहा है और जल्द ही लेजर साउंड शो भी शुरू किया जाएगा।

ऊपरकोट किले के अलावा गुजरात सरकार ने गिरनार रोपवे, महाबत मकबरा और भवनाथ मंदिर जैसे पर्यटन स्थलों का भी अभूतपूर्व विकास किया है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में हेरिटेज टूरिज्म को बढ़ावा देने की दिशा में किए जा रहे इन प्रयासों से जूनागढ़ आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त हो रहा है। सरकार की इन पहलों के चलते जूनागढ़ आज गुजरात ही नहीं, बल्कि देश-विदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top