अहमदाबाद का पिराना जंक्शन सिग्नल फ्री: ट्रैफिक पुलिस के अनूठे फॉर्मूले से जाम से मिली बड़ी राहत

अहमदाबाद का पिराना जंक्शन हुआ सिग्नल फ्री, ट्रैफिक फॉर्मूले से लोगों को जाम से मिली राहत


अहमदाबाद, 22 फरवरी। गुजरात के अहमदाबाद में शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शुमार पिराना जंक्शन पर ट्रैफिक दबाव और ब्रिज निर्माण कार्य के चलते जाम की समस्या विकराल हो गई थी। ऐसे में अहमदाबाद ट्रैफिक पुलिस ने एक अनूठा प्रयोग करते हुए पिराना जंक्शन को सिग्नल फ्री कर दिया है।

नई व्यवस्था के तहत पिराना पीपलेज रोड का कट बंद कर दिया गया है और अब वाहन नारोल-सरखेज रोड पर लगभग 100 मीटर आगे बने कट से यू-टर्न लेकर सड़क पार कर रहे हैं। इससे ट्रैफिक बिना रुके आगे बढ़ रहा है।

स्थानीय निवासी साजिद ने बताया कि लंबे समय से यहां भारी जाम लगता था, जिससे रोजाना लोगों को परेशानी उठानी पड़ती थी और समय की बर्बादी होती थी। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक डायवर्जन से अब काफी राहत मिली है। वहीं, सचिन देसानी ने भी नई व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि पिराना पर आए दिन जाम लगता था, लेकिन अब 100 मीटर आगे से यू-टर्न की व्यवस्था से यातायात सुचारू हो गया है।

ट्रैफिक पुलिस के इस प्रयोग से जहां एक ओर ब्रिज निर्माण कार्य में तेजी आई है, वहीं निर्बाध यातायात से लोगों के समय और ईंधन दोनों की बचत हो रही है।

ट्रैफिक डीसीपी नरेश कंजारिया ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए पिराना जंक्शन के कट को बंद कर यह नया प्रयोग किया गया है। अब वाहन व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ रहे हैं और जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आई है।

पुलिस के अनुसार, पिराना मॉडल की सफलता के बाद शहर की अन्य प्रमुख सड़कों को भी चरणबद्ध तरीके से सिग्नल फ्री बनाया जाएगा। भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में प्रशासन अहमदाबाद की मुख्य सड़कों पर जाम खत्म करने और रैपिड ट्रांजिट को बढ़ावा देने के लिए एलिवेटेड कॉरिडोर और पुलों का निर्माण कर रहा है। माना जा रहा है कि यह वैज्ञानिक और तकनीकी समाधान आने वाले समय में शहर के वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत साबित होगा।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top