बंगाल की खाड़ी में बनी निम्न दबाव जैसी स्थिति, अगले दो दिनों में बारिश की संभावना

बंगाल की खाड़ी में बनी निम्न दबाव जैसी स्थिति, अगले दो दिनों में बंगाल में बारिश होने की संभावना


कोलकाता, 22 फरवरी। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान बारिश होने की संभावना जताई गई है।

कोलकाता के अलीपुर स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार और मंगलवार को दक्षिण बंगाल के कुछ जिलों के साथ-साथ उत्तर बंगाल के इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि भारी वर्षा का कोई पूर्वानुमान नहीं है और बारिश हल्की से मध्यम स्तर की ही रहने की संभावना है।

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण बंगाल के झाड़ग्राम, पश्चिम मिदनापुर, पूर्वी मिदनापुर, दक्षिण 24 परगना और उत्तर 24 परगना जिलों में वर्षा की संभावना है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग और कालिम्पोंग जिलों में भी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि निम्न दबाव जैसी स्थिति बनने के कारण कुछ स्थानों पर बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है, लेकिन व्यापक या तेज बारिश की आशंका नहीं है। इसके बाद अगले सात दिनों तक राज्य में मुख्यतः शुष्क मौसम रहने का अनुमान है।

राज्य भर में अगले दो दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में लगभग दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, जबकि अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

लंबी सर्दी के बाद इस संभावित बारिश का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ सकता है। विशेष रूप से आलू की फसल के लिए यह समय महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि फसल को कोल्ड स्टोरेज में ले जाने की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में बारिश से फसल को नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।

शनिवार को कोलकाता में न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य के अनुरूप था, जबकि अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक था। हवा में सापेक्ष आर्द्रता न्यूनतम 38 प्रतिशत और अधिकतम 83 प्रतिशत दर्ज की गई।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,492
Messages
9,527
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top