बोकारो में होली से पहले नकली शराब का बड़ा भंडाफोड़, 10 लाख की विदेशी खेप संग एक गिरफ्तार

बोकारो में 10 लाख रुपए मूल्य की नकली विदेशी शराब की खेप बरामद, एक गिरफ्तार


बोकारो, 22 फरवरी। झारखंड के बोकारो जिले की पुलिस ने चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के नरकंडी गांव में छापेमारी कर नकली विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। जिस मकान से शराब की यह खेप बरामद की गई है, उसके मालिक सोना महतो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह नकली शराब होली के दौरान विभिन्न इलाकों में खपाए जाने की तैयारी में थी।

बेरमो के एसडीपीओ बीएन सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नरकंडी के मकान में अवैध रूप से विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। सूचना के आधार पर बोकारो एसपी के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने गांव पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें विभिन्न ब्रांडों की कुल 2,688 बोतल नकली विदेशी शराब बरामद की गई। इनमें 375 एमएल की 1,080 बोतल आईकॉनिक व्हाइट, 180 एमएल की 1,104 बोतल रॉयल स्टैग तथा 375 एमएल की 504 बोतल रॉयल स्टैग शामिल हैं। कुल बरामद शराब की मात्रा लगभग 793 लीटर आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार, जब्त शराब का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपए है। मामले में मकान मालिक सोना महतो ने पुलिस को बताया है कि उसने कमरा संतोष महतो को किराए पर दिया है और शराब उसी की है।

पुलिस संतोष महतो सहित अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 274, 275, 292, 3(5) तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47ए के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छापामारी दल में चतरोचट्टी थाना प्रभारी शशि शेखर कुमार सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।

एसडीपीओ ने कहा कि त्योहार के दौरान अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी थाना या डायल 112 पर दें।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top