12 साल की नन्हीं मधुबाला ने ड्राइविंग सीख तोड़ीं सामाजिक दीवारें, उनकी सोच थी वक्त से कई कदम आगे

महज 12 साल की उम्र में ड्राइविंग सीखकर तोड़ी सभी सामाजिक सीमाएं, वक्त से आगे सोच रखती थी मधुबाला


मुंबई, 22 फरवरी। बॉलीवुड के सुनहरे दौर की मधुबाला एक ऐसी अभिनेत्री थी, जिसे देखते ही लोग मंत्रमुग्ध हो जाते थे। उनके चेहरे की मासूमियत और अदाकारी ने उन्हें सिनेमा में अलग जगह दिलाई। बचपन से ही उनकी अलग पहचान रही। जिस वक्त ज्यादातर लड़कियां खेलकूद और पढ़ाई तक सीमित रहती थीं, उस वक्त मधुबाला ने ड्राइविंग सीखकर बांधी गई सीमाओं को तोड़ दिया था। उनकी उम्र उस वक्त महज 12 साल थी।

मधुबाला का जन्म 14 फरवरी 1933 को दिल्ली में हुआ। उनका असली नाम मुमताज जहां देहलवी था। उनके पिता, अताउल्लाह खान, पेशावर की एक तंबाकू फैक्ट्री में काम करते थे, लेकिन बेहतर जीवन की तलाश में मुंबई आ गए। उनके परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। ऐसे में मधुबाला को 9 साल की उम्र में ही काम करना पड़ा। उन्होंने फिल्म 'बसंत' में एक बाल कलाकार के रूप में काम करना शुरू किया और उस समय उन्हें बेबी मुमताज के नाम से जाना गया। उनकी मासूमियत और अदाकारी ने दर्शकों का दिल जीत लिया।

मधुबाला का फिल्मी करियर तेजी से आगे बढ़ा। उन्होंने 1947 में 'नील कमल' जैसी फिल्मों में काम किया, जिसमें उनका नाम बदलकर 'मधुबाला' कर दिया गया। वह न सिर्फ खूबसूरत थीं, बल्कि समय से काफी आगे की सोच रखने वाली लड़की थीं। इसी सोच का बड़ा उदाहरण है उनका ड्राइविंग सीखना। जब वह महज 12 साल की थी, तब समाज में लड़कियों के लिए ड्राइविंग करना एक साहसिक कदम माना जाता था। मधुबाला ने न केवल ड्राइविंग सीखी, बल्कि इसे आत्मविश्वास के रूप में भी लिया।

1950 के दशक में मधुबाला ने कई सफल फिल्में दीं, जिनमें 'महल', 'फागुन', 'हावड़ा ब्रिज', 'काला पानी' और 'चलती का नाम गाड़ी' आदि शामिल हैं। उनके साथ उस समय के मशहूर अभिनेता जैसे राजकपूर, दिलीप कुमार, अशोक कुमार और देवानंद भी काम कर चुके थे।

मधुबाला का निजी जीवन भी उतना ही रोचक था। उनकी प्रेम कहानी दिलीप कुमार और बाद में किशोर कुमार के साथ चर्चित रही। दिलीप कुमार के साथ उनका रिश्ता गहरा था, लेकिन परिवार की वजह से अलगाव हो गया। बाद में उन्होंने किशोर कुमार से शादी की, जिन्होंने उनके अंतिम समय तक उनका ख्याल रखा और उनका सहारा बने रहे।

मधुबाला की जिंदगी में कई मुश्किल दिन भी आए। 1960 के दशक में उनका स्वास्थ्य बिगड़ने लगा। जांच कराने पर पता चला कि उनके दिल में छेद है। इसके कारण उनके शरीर में खून की मात्रा बढ़ने लगी और कई बार उनकी सेहत गंभीर रूप से खराब हो गई। लंदन के डॉक्टरों ने सर्जरी से मना कर दिया। इस कठिन समय में भी मधुबाला ने अपनी आत्मनिर्भरता नहीं खोई।

मधुबाला ने अपने करियर में लगभग 70 फिल्मों में काम किया। उनके योगदान और अभिनय को आज भी याद किया जाता है। 23 फरवरी 1969 को 36 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top