किशन रेड्डी का कांग्रेस पर वार: तेलंगाना में लोकतंत्र का गला घोंटा, भाजपा नेताओं को नजरबंद कर थोपा अघोषित आपातकाल

कांग्रेस तेलंगाना में लोकतंत्र की हत्या कर रही है : जी. किशन रेड्डी


हैदराबाद, 22 फरवरी। तेलंगाना की राजनीतिक स्थिति को लेकर केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कांग्रेस सरकार पर घेरा। उन्होंने राज्य के हालिया घटनाक्रम को बेहद चिंताजनक बताते हुए आरोप लगाया कि तेलंगाना में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है।

किशन रेड्डी ने कामारेड्डी में भाजपा विधायक के कैंप कार्यालय पर कथित हमले और उसके बाद पार्टी के सांसदों, विधायकों तथा प्रदेश अध्यक्ष एन. रामचंदर राव को नजरबंद किए जाने की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि यह कदम लोकतांत्रिक अधिकारों पर सीधा हमला है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई सांसदों और विधायकों को घर में नजरबंद करना, खासकर तब जब वे भाजपा विधायक के. वेंकट रमणा रेड्डी के समर्थन में कामारेड्डी जाना चाहते थे, राज्य में 'घोषित आपातकाल' जैसी स्थिति को दर्शाता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार राज्य की राजनीति में भाजपा के बढ़ते प्रभाव से घबराकर सत्ता का दुरुपयोग कर रही है और बदले की राजनीति कर रही है। उनके अनुसार, जनता के फैसले को स्वीकार न कर पाने के कारण विपक्ष की आवाज दबाने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन विपक्ष की आवाज को दबाना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है।

किशन रेड्डी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा विधायक पर निराधार आरोप लगाकर उन्हें नजरबंद करना पक्षपात का स्पष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा विधायक के कैंप कार्यालय के गेट में वाहन घुसा देना राज्य में कानून व्यवस्था के कमजोर होने का संकेत है। कानून सभी के लिए समान होना चाहिए, लेकिन कांग्रेस सरकार पुलिस तंत्र का इस्तेमाल कर राजनीतिक विरोधियों को निशाना बना रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा नेता और कार्यकर्ता इन दबावों से डरने वाले नहीं हैं और पार्टी तेलंगाना में जन मुद्दों को और मजबूती से उठाती रहेगी। जी. किशन रेड्डी ने राज्य सरकार से तुरंत राजनीतिक गिरफ्तारियां रोकने और लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो तेलंगाना की जनता स्वयं लोकतंत्र की रक्षा के लिए आगे आएगी।

इस बीच केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने भी तेलंगाना भाजपा अध्यक्ष रामचंदर राव की गिरफ्तारी को 'अवैध' बताते हुए कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि रामचंदर राव कामारेड्डी के विधायक से मिलने और बांसवाड़ा हिंसा में घायल लोगों के परिवारों से मुलाकात करने जा रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय कांग्रेस सरकार विपक्षी नेता को ही नजरबंद कर रही है। उन्होंने कांग्रेस और एआईएमआईएम पर कानून हाथ में लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य में 'प्रजा पालन' नहीं बल्कि 'पुलिस राज' दिखाई दे रहा है।

बंदी संजय ने कहा कि धमकियों और गिरफ्तारियों से भाजपा डरने वाली नहीं है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयार रहने और हर पीड़ित के साथ खड़े होकर सरकार के कथित पक्षपात को उजागर करने का आह्वान किया।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top