जामताड़ा में दिल दहला देने वाली वारदात: दिनदहाड़े ड्राइवर फुरकान को मुंह पर मारी गोली, इलाके में दहशत

झारखंड के जामताड़ा में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या


जामताड़ा, 22 फरवरी। झारखंड के जामताड़ा जिले में रविवार सुबह अज्ञात अपराधियों ने एक 40 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के धर्मपुर मोड़ के पास हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान धरमपुर गांव निवासी फुरकान अंसारी के रूप में हुई है। वह पेशे से ड्राइवर था और रोज की तरह सुबह करीब नौ बजे धर्मपुर मोड़ स्थित एक दुकान पर नाश्ता करने पहुंचा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उसके मुंह पर गोली मारी। घटना के बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से हवा में भी फायरिंग की गई और आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों और परिजनों की मदद से गंभीर रूप से घायल फुरकान अंसारी को जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तीन खोखा बरामद किए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आसपास के इलाकों में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

घटना के बाद अस्पताल परिसर और गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों ने हत्या को लेकर गहरा आक्रोश जताया और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हत्या के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हुआ है। आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।
 

Similar threads

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,315
Messages
9,350
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top