पलामू में हैवानियत! चोरी के शक में भीड़ ने युवक को पीट-पीटकर मार डाला, लिंचिंग का केस दर्ज

पलामू में चोरी के संदेह में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मॉब लिंचिंग की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज


पलामू, 22 फरवरी। झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेलियाही गांव में चोरी के संदेह में एक युवक की ग्रामीणों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन ने माना है कि प्रथमदृष्ट्या यह मामला मॉब लिंचिंग का प्रतीत होता है।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार देर रात की है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि एक युवक गांव में खड़े ट्रैक्टर की बैटरी चोरी करने की कोशिश कर रहा था। संदेह के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। आरोप है कि भीड़ ने युवक के हाथ-पैर बांध दिए और उसकी लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पिटाई की।

सूचना मिलने पर पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाया। उस समय उसकी स्थिति गंभीर बताई गई। पुलिस उसे इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल ले जा रही थी, जहां पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दंडाधिकारी की निगरानी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले में मॉबलिंचिंग की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल से जुड़े वीडियो फुटेज व स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि वर्ष 2024 में मृतक पर कुछ लड़कियों पर टिप्पणी करने का आरोप लगा था, जिसकी भी जांच की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने एहतियातन अतिरिक्त बल की तैनाती की है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
 

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,315
Messages
9,350
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top