बड़ा एक्शन! पश्चिम बंगाल के डीजीपी ने केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार को भेजा कानूनी नोटिस, वीडियो हटाने और माफी की मांग

पश्चिम बंगाल के डीजीपी ने केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांता मजूमदार को भेजा कानूनी नोटिस


कोलकाता, 21 फरवरी। पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कुमार की ओर से केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद सुकांता मजूमदार को कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस अधिवक्ता नंदिनी चटर्जी ने जारी किया है।

डीजीपी द्वारा सुकांता मजूमदार को भेजे गए नोटिस में सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक कथित मानहानिकारक वीडियो को तुरंत हटाने और सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की गई है।

नोटिस में कहा गया है कि राजीव कुमार वर्तमान में पश्चिम बंगाल पुलिस के डीजीपी हैं और नबन्ना (हावड़ा) स्थित कार्यालय में कार्यरत हैं। वह एक सम्मानित और अनुभवी पुलिस अधिकारी हैं। उन्होंने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई है।

कानूनी नोटिस के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक वीडियो/रील अपलोड की गई है, जिसमें उनके खिलाफ कथित रूप से झूठे, मनगढ़ंत और अपमानजनक आरोप लगाए गए हैं। वीडियो में उनके लिए आपत्तिजनक और मानहानिकारक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही उन पर भ्रष्टाचार, कोयला घोटाले और मवेशी तस्करी जैसे मामलों से जुड़े होने के आरोप भी लगाए गए हैं।

नोटिस में कहा गया है कि इन आरोपों से डीजीपी की छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है और उन्हें मानसिक पीड़ा व सामाजिक प्रतिष्ठा की हानि हुई है। इसे उनकी छवि खराब करने की साजिश बताया गया है।

नोटिस में सुकांता मजूमदार को निर्देश दिया गया है कि वह 7 दिनों के भीतर सभी सोशल और डिजिटल प्लेटफॉर्म से वीडियो हटाए और सार्वजनिक रूप से बिना शर्त माफी मांगे। माफी में यह स्पष्ट करना होगा कि लगाए गए सभी आरोप झूठे, बेबुनियाद और अप्रमाणित थे।

नोटिस में यह चेतावनी भी दी गई है कि यदि तय समय सीमा में कार्रवाई नहीं की गई तो उनके खिलाफ सिविल और आपराधिक कार्रवाई की जाएगी।

बता दें कि सुकांता मजूमदार ने कोयला घोटाले को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और डीजीपी पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसके बाद पश्चिम बंगाल के डीजीपी की तरफ से अब सुकांता मजूमदार को नोटिस जारी किया गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,190
Messages
9,225
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top