पुणे, 21 फरवरी। राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के शर्टलेस प्रदर्शन को अनुचित बताया है। उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि प्रदर्शन करने के लिए एक जगह होती है और जिस जगह पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया, वह मंच विरोध के लिए ठीक नहीं था।
पुणे में आईएएनएस से बातचीत में तहसीन पूनावाला ने कहा कि एआई समिट देश का शिखर सम्मेलन था, न कि भाजपा का। यूथ कांग्रेस ने वहां जो प्रदर्शन किया, मुझे लगता है इस पर उन्हें सोचना चाहिए और विचार करना चाहिए। किसी भी जगह की एक मर्यादा होती है। अगर आपको ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन करना था तो आप यूएस एंबेसी या प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करते। आप पीयूष गोयल या जयशंकर के घर के सामने प्रदर्शन करते, लेकिन एआई शिखर सम्मेलन में ट्रेड डील के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन करने का क्या मतलब है?
उन्होंने कहा कि इसके पहले जब 26/11 मुंबई में हुआ था, तब भाजपा ने बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। जब न्यूक्लियर डील हो रही थी, तब भाजपा संसद के अंदर पैसे ले आई थी। इससे भाजपा को नुकसान हुआ और भाजपा चुनाव नहीं जीत पाई।
यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन से लोगों में नाराजगी है और एक जगह की हमेशा एक मर्यादा होती है। प्रदर्शन करने के लिए जगह होती है। वहां प्रदर्शन करना चाहिए। मुझे लगता है कि एआई शिखर सम्मेलन में ट्रेड डील के खिलाफ शर्ट उतारकर प्रदर्शन करना उचित नहीं था।
टैरिफ पर राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने कहा कि यह तो होना ही था। पीएम मोदी और भाजपा के नेताओं ने जब ट्रेड डील की बात की तो उससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का बयान सामने आया। अब सवाल यह है कि सभी को पता था कि टैरिफ को लेकर अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट का फैसला आना था तो हम रुके क्यों नहीं?
दूसरी बात यह है कि पीएम मोदी ट्रेड डील को लेकर लोकसभा में बात क्यों नहीं करते। तीसरी बात यह है कि क्या हम रूस से तेल खरीदेंगे इसका जवाब भी मिलना चाहिए। यह सवाल अगर हम विदेश मंत्री जयशंकर से पूछते हैं तो वे पीयूष गोयल से पूछने के लिए कहते हैं। हम रूस के साथ तेल खरीदेंगे या नहीं, आज तक इस सवाल का जवाब भाजपा और केंद्र सरकार ने नहीं दिया है। ट्रेड डील को लेकर इतनी जल्दबाजी क्यों थी? संसद का सत्र शुरू होगा तो हम चाहते हैं कि पीएम मोदी देश के सामने सारी बातें रखें।