दिल्ली की बदहाली पर आप ने छेड़ा 'बेहाल संवाद' अभियान, 2696 बूथों पर जनता से करेगी सीधा संवाद

'आप' ने शुरू किया 'दिल्ली बेहाल संवाद', 2696 पोलिंग बूथ पर करेंगी सभाएं


नई दिल्ली, 21 फरवरी। आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की सभी 70 विधानसभाओं में “दिल्ली बेहाल संवाद” अभियान की शुरुआत करते हुए वर्तमान सरकार की कथित विफलताओं को मुद्दा बनाया है। पार्टी का दावा है कि यह अभियान एक महीने तक चलेगा और इसके तहत 2696 पोलिंग बूथों पर सभाएं आयोजित कर जनता से सीधा संवाद किया जाएगा।

दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा सरकार का एक वर्ष पूरा हो चुका है, लेकिन जनता से किए गए प्रमुख वादे अब तक अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को हर महीने 2500 रुपए देने का वादा आज तक पूरा नहीं हुआ। चुनाव से पहले भाजपा ने यह गारंटी दी थी, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी महिलाओं के खातों में राशि नहीं पहुंची।

आप नेताओं ने स्वास्थ्य सेवाओं, प्रदूषण नियंत्रण, पानी की आपूर्ति और सीवर व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के कार्यकाल में शुरू किए गए मोहल्ला क्लीनिक और मुफ्त दवा-इलाज की व्यवस्था अब कमजोर हो गई है।

उन्होंने कहा कि प्रदूषण के आंकड़ों में हेरफेर कर वास्तविक स्थिति छिपाने की कोशिश की गई। कोंडली क्षेत्र में आयोजित संवाद कार्यक्रम में विधायक कुलदीप कुमार ने कहा कि भाजपा सरकार के एक साल में दिल्लीवासी खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया, बस मार्शलों को पक्का करने का वादा अधूरा है और कई मोहल्ला क्लीनिक बंद कर दिए गए। राशन कार्ड रद्द होने और पेंशन बंद होने के मुद्दे भी उठाए गए।

अभियान के दौरान जनता से सवाल-जवाब के जरिए सरकार की जवाबदेही तय करने की बात कही गई। आप ने 1 मार्च को जंतर-मंतर पर निकाले गए कर्मचारियों के समर्थन में बड़ा प्रदर्शन करने की घोषणा भी की है।
 

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,492
Messages
9,527
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top