गाजियाबाद, 21 फरवरी। गाजियाबाद जनपद के लोनी क्षेत्र में शनिवार की शाम एक प्लास्टिक फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। प्लास्टिक फैक्ट्री में विशेष रूप से होली के त्योहार को देखते हुए पिचकारी बनाने का काम चल रहा था।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को शाम के समय 4:31 बजे फायर स्टेशन लोनी को सेक्टर ए-7 पार्ट-1 स्थित एक फैक्ट्री में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन से तत्काल तीन फायर टेंडर घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए।
मौके पर पहुंची दमकल टीम ने पाया कि प्लॉट नंबर ई-21, सेक्टर ए-7 पार्ट-1 में स्थित 350 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में निर्मित भूतल प्लस दो मंजिला इमारत की दूसरी मंजिल पर आग लगी हुई थी।
फैक्ट्री में प्लास्टिक मॉडलिंग का कार्य किया जाता है और विशेष रूप से होली के त्योहार को ध्यान में रखते हुए पिचकारी बनाने का काम चल रहा था। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैलने की आशंका बनी हुई थी।
फायर सर्विस यूनिट ने दो हौज पाइप लाइन फैलाकर पंपिंग के माध्यम से आग बुझाने का कार्य शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी अधिकारी ने तत्काल मुख्य अग्निशमन अधिकारी को सूचना दी।
आग की विकरालता को ध्यान में रखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर साहिबाबाद और वैशाली फायर स्टेशन से एक-एक अतिरिक्त फायर टैंकर रवाना किया गया। दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के अंदर प्रवेश कर आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखा।
कड़ी मशक्कत के बाद कुछ ही देर में आग को नियंत्रित कर लिया गया। सबसे राहत की बात यह रही कि इस अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते की गई त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के बाद फायर सर्विस यूनिट ने आवश्यक कार्यवाही पूरी की।
प्राथमिक अनुमान के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने फैक्ट्री संचालकों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।