यूथ कांग्रेस के चड्डी-बनियान गैंग ने भारत को वैश्विक मंच पर किया बदनामः एकनाथ शिंदे

यूथ कांग्रेस के चड्डी-बनियान गैंग ने भारत को वैश्विक मंच पर किया बदनामः एकनाथ शिंदे


नई दिल्ली, 21 फरवरी। दिल्ली स्थित भारत मंडप में आयोजित "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट" के दौरान शुक्रवार को यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए अर्धनग्न प्रदर्शन की चारों ओर निंदा हो रही है। अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता कांग्रेस और राहुल गांधी पर तंज कस रहे हैं और देश को वैश्विक स्तर पर अपमानित करने का आरोप लगा रहे हैं।

महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने एक्स पोस्ट किया, "इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के माध्यम से जब दुनिया के सामने भारत का तकनीकी वैभव प्रस्तुत किया जा रहा था, उसी समय भारत मंडपम में यूथ कांग्रेस के चड्डी-बनियान गैंग ने असभ्य उपद्रव मचाकर भारत की वैश्विक स्तर पर बदनामी करने की कोशिश की। मैं कांग्रेस के इस कार्य की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। यह देशप्रेम नहीं है, बल्कि यह एक प्रकार का देशद्रोह है। इस घटना के लिए कांग्रेस और उनके नेताओं को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।"

एकनाथ शिंदे ने लिखा, "अगर भारत-अमेरिका समझौते का विरोध है, तो कांग्रेस को उस विरोध के कारण बताते हुए वैचारिक रूप से प्रस्तुति करनी चाहिए थी। ऐसा न करके कांग्रेस ने भारत मंडपम में उपद्रव मचाकर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोध में नारे लगाकर विदेशी मेहमानों के सामने अपने ही देश की छवि को मलिन करने का प्रयास किया है। विदेश जाकर भारत के बारे में दुष्प्रचार करने वाले राहुल गांधी जैसे नेता होने पर उनके युवा कार्यकर्ताओं से उम्मीद ही क्या की जा सकती है?"

भारतीय राष्ट्र समिति (बीआरएस) के नेता केटीआर ने कांग्रेस के प्रदर्शन को शर्मनाक बताते हुए निंदा की है। उन्होंने कहा है, "यह बेहद निंदनीय है कि यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने तुच्छ राजनीतिक तमाशे के लिए एआई इम्पैक्ट समिट को मंच चुना। विरोध प्रदर्शन के लिए ऐसे वैश्विक मंच का उपयोग करने से भारत की छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर धूमिल होगी। लोकतंत्र में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन यह समझना बेहद जरूरी है कि विरोध कहां और कैसे किया जाए? राजनीतिक असहमति व्यक्त करने का एक समय और स्थान होता है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन निश्चित रूप से वह समय और स्थान नहीं है। विडंबना यह है कि यूथ कांग्रेस के सदस्यों ने ठीक उसी समय विरोध प्रदर्शन किया, जब उनकी अपनी पार्टी के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी समिट को संबोधित कर रहे थे।"
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
9,136
Messages
9,171
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top