मुंबई, 21 फरवरी। भारत की लोकप्रिय डिजिटल कंटेंट क्रिएटर, एक्ट्रेस और ऑथर प्राजक्ता कोली देश के युवाओं के बीच एक जाना-माना चेहरा है, जो अपनी शानदार एक्टिंग के साथ यूट्यूब चैनल 'मोस्टलीसेन' और नेटफ्लिक्स की रोमांटिक ड्रामा सीरीज 'मिसमैच्ड' से प्रसिद्ध है।
प्राजक्ता ने 'टू गुड टू बी ट्रू' नाम से अपनी पहली रोमांटिक किताब लिखी, जो 2024 में प्रकाशित हुई और लोगों ने इसे काफी पसंद किया था। अभिनेत्री ने शनिवार को अपने सोशल मीडिया हैंडल इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए किताब के नए हार्डबाउंड एडिशन और बोनस चैप्टर का जिक्र किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा, "पिछली शाम कुछ ऐसी थी जिसे मैं हमेशा संजोकर रखना चाहूंगी। हम सब एक कमरे में, बिना किसी हड़बड़ी के, 'टू गुड टू बी ट्रू' के नए हार्डबाउंड एडिशन का बोनस अध्याय सुन रहे थे। यह किसी बड़े आयोजन जैसा नहीं लग रहा था, बल्कि ऐसा लग रहा था जैसे हम सब एक ऐसे रोमांटिक लोगों से भरे कमरे में हैं जो इस कहानी को समझते हैं।
उन्होंने आगे लिखा, "मेरा पसंदीदा हिस्सा कौन सा था? सच में बैठकर बातें करना, खुलकर सांस लेना, आपके विचार, आपकी थ्योरी और आपके पसंदीदा पल सुनना। प्रेम कहानियों पर ऐसे चर्चा करना जैसे वो असल जिंदगी हों। इस तरह साथ में बिताया गया समय बहुत कम मिलता है और मेरे लिए बेहद खास है।
वह आगे लिखती है, "आप सभी का धन्यवाद जिन्होंने आकर इसे इतना खुशनुमा और यादगार बनाया। आपने इसे अविस्मरणीय बना दिया। अगर आप वहां नहीं आ सके, तो हार्डबाउंड संस्करण (बोनस अध्याय सहित) अब उपलब्ध है। अगर आप इसकी एक प्रति चाहते हैं, तो यह आपका इंतजार कर रही है।"
प्राजक्ता का जन्म 27 जून, 1993 को महाराष्ट्र के ठाणे (मुंबई) में हुआ था। उनके यूट्यूब चैनल 'मोस्टलीसेन' पर 7 मिलियन+ सब्सक्राइबर्स हैं, जिसने उन्हें लोगों के बीच पहुंच और पहचान दिलाई और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर 8.8 मिलियन फॉलोअर्स हैं। वहीं अभिनेत्री को रियल फेम और प्यार नेटफ्लिक्स की रोमांटिक ड्रामा सीरीज मिसमैच्ड से मिला। इसके बाद उन्होंने 'जुगजुग जीयो' जैसी बॉलीवुड फिल्म और अन्य प्रोजेक्ट्स में भी काम किए। हाल ही में प्राजक्ता कोली टाइम 100 क्रिएटर्स लिस्ट में शामिल होने वाली पहली भारतीय बनीं।