एआई समिट में देशविरोधी नारों पर हंगामा: यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता कोर्ट में पेश, दिल्ली पुलिस ने मांगी 5 दिन की रिमांड

एआई समिट हंगामा: दिल्ली पुलिस ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को किया कोर्ट में पेश, मांगी 5 दिन की कस्टडी


नई दिल्ली, 21 फरवरी। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के 4 कार्यकर्ताओं को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने अदालत से आरोपियों की 5 दिन की रिमांड मांगी। हालांकि, यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से अदालत में जमानत याचिका भी दाखिल की गई है।

दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान देशविरोधी नारे लगाए गए। नेपाल के 'जेन-जी' की तर्ज पर देश को बांटने वाले नारे लगाए। उन्होंने प्रदर्शन की ऐसी जगह चुनी, जहां दूसरे देशों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद थे। पुलिस ने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों ने धक्कामुक्की की और इस दौरान कुछ पुलिसवालों को चोट लगी। इसके साथ ही, दिल्ली पुलिस ने आरोपियों की 5 दिनों की कस्टडी मांगी।

दिल्ली पुलिस के वकील ने कहा कि अगर आरोपी पढ़े-लिखे हैं तो उन्हें जिम्मेदारी से काम करना चाहिए। अदालत ने पुलिस से पांच दिन की रिमांड का कारण पूछा। पुलिस की ओर से कहा गया, "मामले में जांच करनी है कि साजिश किसने रची और कौन-कौन लोग शामिल हैं। टी-शर्ट कहां छापी गईं।"

आरोपियों के वकील ने पुलिस रिमांड की मांग का विरोध किया। उन्होंने कहा कि ये गिरफ्तारी लोकतंत्र की गरिमा को कम करने वाली है। अगर प्रदर्शन के चलते गिरफ्तारी होने लगी तो संसद में प्रदर्शन करने वाले सांसदों की भी गिरफ्तारी हो जाएगी।

यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से पेश वकील ने कहा, "आरोपी एक राजनैतिक दल से जुड़े हैं, जो विपक्ष में है। उन्होंने 'भारत मंडपम' में शांतिपूर्वक प्रदर्शन किया। कहीं कोई सबूत नहीं है कि इन्होंने किसी को चोट पहुंचाई। प्रदर्शन संवैधानिक अधिकार है। ऐसे में पुलिस रिमांड की कोई जरूरत नहीं है।"

अदालत में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने एक याचिका दाखिल करते हुए जमानत की मांग की। वकील ने कहा कि ये नौजवान हैं और इनका करियर बाकी है।

फिलहाल मामले में अदालत ने फैसला सुरक्षित रख लिया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,966
Messages
8,998
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top