गुजरात के मेहसाणा में खुशियों का सफर मातम में बदला, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, 5 की दर्दनाक मौत

मेहसाणा में भीषण सड़क हादसा, डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, एक परिवार के 5 लोगों की मौत


महेसाणा, 21 फरवरी। गुजरात के मेहसाणा जिले में भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, एक परिवार राजस्थान में शादी में शामिल होने के बाद ईको कार से अहमदाबाद के रामोल वापस लौट रहा था। इस दौरान ऊंझा के उनावा के पास कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसा होते ही मौके पर ही चीख-पुकार मच गई। कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते ही मौके पर भीड़ लग गई। आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और बचाव कार्य शुरू किया।

इस दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्र, एक महिला और एक बच्चे सहित कुल 5 लोगों की जान चली गई है। जबकि 6 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे में घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है। सड़क हादसे में रामलाल कुमावत, कोमल कुमावत, कैलाश कुमावत, एक बच्चा और एक वृद्ध महिला की मौत हुई है। उनावा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ आगे की कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।

यह हाल ही में गुजरात में हुआ दूसरा बड़ा सड़क हादसा है। इससे पहले, यहां के वलसाड जिले में कपारड़ा–नानापोंढा हाईवे पर कुंभघाट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को जानकारी दी कि मृतक कपारड़ा तालुका के अंबा जंगल गांव के निवासी थे। हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।

यह दुर्घटना कुंभघाट के उस तीखे मोड़ पर हुई, जिसे अधिकारी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बताते रहे हैं। ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो गंभीर रूप से घायल पुरुषों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या सात हो गई।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,965
Messages
8,997
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top