मध्य प्रदेश: भोपाल में आवारा कुत्तों पर भयंकर बवाल, दो महिलाओं को चाकू मारा, 2 आरोपी गिरफ्त में

मध्य प्रदेश: आवारा कुत्ते के विवाद पर महिलाओं को चाकू मारा, 2 गिरफ्तार


भोपाल, 20 फरवरी। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के श्रवण कांता कॉलोनी में आवारा कुत्तों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो महिलाओं पर चाकू और तलवार से हमला किए जाने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

अयोध्या नगर थाने के एसएचओ महेश लिल्हारे ने शुक्रवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक सिंह चौहान और नफीस अंसारी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है, और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, शारदा कुंज कॉलोनी निवासी अशोक सिंह चौहान का श्रवण कांता कॉलोनी के कुछ निवासियों के साथ आवारा कुत्तों के मुद्दे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। सुबह वह अपने कुछ साथियों के साथ श्रवण कांता स्टेट कॉलोनी पहुंचा और कुत्तों को लेकर स्थानीय लोगों से अभद्र भाषा में बातचीत करने लगा। इस दौरान नफीस अंसारी भी उसके साथ मौजूद था।

एसएचओ महेश लिल्हारे ने बताया कि विवाद बढ़ने पर अशोक चौहान ने कॉलोनी में रहने वाली वंदना सेन और लक्ष्मी ठाकुर पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया और आखिरकार अशोक सिंह चौहान और नफीस अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है।

जांच में सामने आया है कि कॉलोनी के निवासियों ने आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि कुत्ते अक्सर राहगीरों का पीछा करते हैं, आक्रामक तरीके से भौंकते हैं और बच्चों व बुजुर्गों के लिए खतरा पैदा कर रहे हैं। शिकायत के बाद नगर निगम की डॉग स्क्वाड ने कुछ दिन पहले इलाके में अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को नसबंदी के लिए पकड़ा था और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें दोबारा उसी क्षेत्र में छोड़ दिया गया था।

पुलिस के मुताबिक, जब निवासियों को पता चला कि चौहान कथित तौर पर उन कुत्तों को दोबारा कॉलोनी में लेकर आया है, तो उन्होंने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि चौहान तलवार लेकर लौटा और उसने दोनों महिलाओं पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं।

फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। इलाके में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,877
Messages
8,909
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top