नई दिल्ली, 20 फरवरी। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस भारत के विकास को रोकने का काम कर रही है। आज इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में जो भद्दा दृश्य देखने को मिला, ये दर्शाता है कि कांग्रेस को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। राहुल गांधी की पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आज जो हरकत की है, वह घोर निंदनीय है।
केंद्रीय मंत्री गोयल ने कहा कि समिट में आज जो कुछ हुआ वो कांग्रेस की हार और निराशा का प्रतीक है। उनसे यह बर्दाशत नहीं हो रहा है कि देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश की कमान संभाले का मौका दिया। उनसे यह देखा नहीं जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से प्रगति और विकास कर रहा है। साथ ही साथ लगातार अंतर्राष्ट्रीय पटल पर भारत का वर्चस्व बढ़ता जा रहा है। वो विश्व के सामने भारत को शर्मिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं।
गोयल ने कहा कि कांग्रेस भारत के विकास को रोकने में लगी हुई है। कांग्रेस झूठ के आधार पर बेबुनियाद बातों से सरकार के साथ-साथ 140 करोड़ देशवासियों की आलोचना कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी को लग रहा है कि अगर इसी तरह से चलता रहा तो अगली बार वह विपक्ष के नेता बनने लायक भी नहीं रहेंगे। यह कांग्रेस का एंटी-इंडिया प्रदर्शन है, जो दर्शाता है कि कांग्रेस अब भारत विरोधी ताकत के रूप में अपने आप को पेश कर रही है। मुझे पूरा विश्वास है कि जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी, क्योंकि जनता सब जानती है।