नई दिल्ली, 20 फरवरी। दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट में इंडियन यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं की ओर से शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा ने इसे शर्मनाक बताया है, तो यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन पर कांग्रेस की ओर से पहला आधिकारिक बयान सामने आया है। कांग्रेस नेता गुरदीप सप्पल ने इस प्रदर्शन का बचाव करते हुए कहा कि वे युवा हैं, कभी जोश में आ जाते हैं।
गुरदीप सप्पल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि जिस तरह युवाओं के भविष्य का गला घोंटा जा रहा है, जिस तरह से इंडो-यूएस डील में समर्पण किया गया, युवाओं के करियर पर सवालिया निशान रखा जा रहा है, आज युवाओं ने अपने जोश में रोष प्रकट किया है।
कांग्रेस नेता ने भाजपा के आरोपों पर कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स के वक्त तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी बैरिकेडिंग पर चढ़कर प्रदर्शन करते हैं थे तो वो उनका लोकतांत्रिक अधिकार था, इन युवाओं ने तो जो-जोश-जोश में कर दिया।
कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि आज यूथ कांग्रेस के साथियों ने देश के नौजवानों, किसानों और व्यापारियों की नाराजगी को विरोध प्रदर्शन के रूप में जाहिर किया है। पीएम मोदी ने अमेरिका के साथ ट्रेड डील कर हमारे नौजवानों, किसानों और व्यापारियों के हितों पर प्रहार किया है। इससे बड़ी देश विरोधी बात कुछ नहीं हो सकती। इसके खिलाफ आवाज उठाना बेहद जरूरी है। संविधान ने भारत के नागरिकों को विरोध का अधिकार दिया है। हम संविधान के तहत जनता की आवाज को बुलंद करेंगे, उनके साथ अन्याय नहीं होने देंगे।
बता दें कि एआई समिट के बीच प्रदर्शन करने वालों पर दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। दिल्ली पुलिस गिरफ्तार किए गए आरोपियों को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश करेगी।
पुलिस ने एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने वालों पर कई धाराओं में केस दर्ज किया है। समिट में प्रदर्शन करने वाले प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के साथ भी बदसलूकी की है। दिल्ली पुलिस इसे एक बड़ी साजिश मानकर जांच कर रही है।
अभी तक की जांच में सामने आया है कि प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ हाथापाई भी की है।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में प्रदर्शनकारियों ने खुलासा किया कि उनकी काली छतरी लेकर भारत मंडपम में प्रदर्शन करने का प्लान था। हालांकि, पकड़े जाने के डर से उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसके बाद टी-शर्ट प्रिंट करवाई गई, जिससे उसे जैकेट के अंदर आराम से छिपाकर ले जाया जा सके। अब पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि आखिरकार टी-शर्ट कहां से प्रिंट करवाई गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस ने नर्सिम्बा यादव, नेशनल कोऑर्डिनेटर, यूथ कांग्रेस को भी पकड़ा है।