एआई समिट: आदित्य साहू बोले, कांग्रेस का प्रदर्शन देश की छवि धूमिल करने का अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र

एआई समिट में प्रदर्शन पर बोले आदित्य साहू, देश की छवि धूमिल करने का षड्यंत्र


रांची, 20 फरवरी। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) इंटरनेशनल समिट के दौरान युवा कांग्रेस के प्रदर्शन को झारखंड प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने देश की छवि धूमिल करने का सुनियोजित षड्यंत्र करार दिया।

साहू ने बयान जारी कर कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी नीचे गिरने की तमाम सीमाएं पार चुकी है। सम्मेलन के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय और प्रदेश स्तरीय नेताओं द्वारा किया गया प्रदर्शन अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने वाला है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस मंच पर आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत की प्रगति, संभावनाओं और वैश्विक प्रतिष्ठा पर दुनिया चर्चा कर रही थी, वहां इस तरह का प्रदर्शन दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पदाधिकारियों ने छद्म प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर विरोध दर्ज कराया, जिससे देश की छवि प्रभावित हुई।

आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास देश विभाजन को स्वीकार करने से लेकर अब तक “भारत विरोधी रुख” से भरा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशों में भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत की छवि पर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसे मामलों में भी कांग्रेस ने सेना की कार्रवाई पर सवाल उठाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि ऑपरेशन ‘सिंदूर’ जैसे अभियानों पर भी कांग्रेस ने आपत्ति जताई।

भाजपा नेता ने कांग्रेस पर “टुकड़े-टुकड़े गैंग” को समर्थन देने और देशविरोधी तत्वों के प्रति नरम रुख अपनाने का आरोप भी लगाया। साहू ने कहा कि कांग्रेस सत्ता से बाहर होने के बाद हताशा में इस प्रकार की राजनीति कर रही है। कांग्रेस को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए और अपने आचरण पर आत्ममंथन करना चाहिए।
 

Similar threads

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
8,809
Messages
8,841
Members
19
Latest member
Jessantict5434
Back
Top