वलसाड: काल बना हाईवे का तीखा मोड़, एक ही परिवार के सात लोगों की दर्दनाक मौत से हाहाकार

गुजरात के वलसाड में भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के सात लोगों की मौत


वलसाड, 20 फरवरी। गुजरात के वलसाड जिले में कपारड़ा–नानापोंढा हाईवे पर कुंभघाट के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मृतक कपारड़ा तालुका के अंबा जंगल गांव के निवासी थे। हादसे के समय कार में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल थीं।

यह दुर्घटना कुंभघाट के उस तीखे मोड़ पर हुई, जिसे अधिकारी पहले से ही दुर्घटना-प्रवण क्षेत्र बताते रहे हैं। ट्रक और कार की आमने-सामने टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए। आपातकालीन सेवाओं की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया।

पुलिस के मुताबिक, पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। दो गंभीर रूप से घायल पुरुषों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। इस तरह मृतकों की संख्या सात हो गई।

इंस्पेक्टर सूरजसिंह वसावा ने आईएएनएस से कहा, “हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे, जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं। पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो पुरुषों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बाद में उनकी भी मृत्यु हो गई। यह मार्ग पहले भी दुर्घटनाओं के लिए जाना जाता है और ज्यादातर मामलों में ट्रक शामिल रहे हैं।”

हादसे में ट्रक चालक भी घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि अभी उसका बयान दर्ज नहीं किया गया है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटना चालक की लापरवाही से हुई या किसी अन्य कारण से।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानूनी प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, ताकि हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Trending Content

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top