ग्रेटर नोएडा: सगाई की खुशी मातम में बदली, वेटर को गोली मारने वाला हर्ष फायरिंग का आरोपी दबोचा

ग्रेटर नोएडा: हर्ष फायरिंग में वेटर को गोली मारने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार


ग्रेटर नोएडा, 20 फरवरी। ग्रेटर नोएडा के थाना बिसरख क्षेत्र में सगाई समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना में एक वेटर को गोली लग गई थी, जिसके बाद समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई थी। घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बुधवार को थाना बिसरख पुलिस को एक निजी अस्पताल से सूचना मिली कि हर्ष फायरिंग के दौरान घायल हुए 18 वर्षीय पुष्पेंद्र पुत्र संतोष, निवासी देव विहार कॉलोनी, लाल कुआं, गाजियाबाद को भर्ती कराया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला कि एक सगाई समारोह में कार्य कर रहे पुष्पेंद्र को किसी व्यक्ति द्वारा की गई हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई थी। घटना के बाद मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बिसरख पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार को पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी दुर्वेश कुमार बैसोया को हनुमान चौराहा के पास सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी मूल रूप से रिस्तल, थाना टीलामोड़, गाजियाबाद का निवासी है और वर्तमान में दिलशाद गार्डन, दिल्ली में रह रहा था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि शादी और अन्य समारोहों में हर्ष फायरिंग एक गंभीर अपराध है और इससे किसी की भी जान जा सकती है। इस तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
 
Similar content Most view View more

Latest Replies

Forum statistics

Threads
16,711
Messages
16,748
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top