होली से पहले मोतिहारी में मातम! नदी में नहाते 6 बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा सन्नाटा

बिहार के मोतिहारी में दर्दनाक हादसा, नदी में डूबने से 6 की मौत


मोतिहारी, 3 मार्च। बिहार के मोतिहारी जिले से एक बेहद दर्दनाक और हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां नदी में नहाने के दौरान छह बच्चों की डूबकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। होली से पहले आई इस त्रासदी ने खुशियों का माहौल गम में बदल दिया है।

यह घटना जिले के केसरिया प्रखंड अंतर्गत राघवा पंचायत की है। जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ बच्चे राघवा नदी में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान छह बच्चे नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। जब तक आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिलती और बचाव कार्य शुरू होता, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

बच्चों को डूबते देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों ने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सभी छह बच्चों की मौत हो चुकी थी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

मृतकों में धर्मेंद्र सहनी की 12 वर्षीय पुत्री दीक्षा कुमारी, प्रिया कुमारी (6) और सोनाक्षी कुमारी (9) शामिल हैं, जो आपस में सगी बहनें थीं। इसके अलावा, 12 वर्षीय सोनाली कुमारी (पिता कामेश्वर साहनी), 11 वर्षीय प्रिंस कुमार (पिता मनोज साहनी) और 8 वर्षीय छोटी कुमारी (पिता मनोज कुमार साहनी) की भी डूबने से मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे राघवा पंचायत में शोक की लहर दौड़ गई है। मृत बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर तरफ चीख-पुकार और मातम का माहौल है। स्थानीय प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
 

Forum statistics

Threads
16,442
Messages
16,479
Members
20
Latest member
7519202689
Back
Top